Five accused arrested with Chitta and Poppy amid covid curfewin Solan and Dharampur
सोलन। कोविड कर्फ्यू के बीच भी नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले निजी वाहनों से नशा प्रदेश में पहुंच रहा था। अब नशा तस्कर मालवाहक वाहनों और ट्रकों के माध्यम से जिले में नशा पहुंचा रहे हैं। हालांकि पुलिस भी नशे के खिलाफ रोजाना कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने सोलन और कालका-शिमला एनएच पर धर्मपुर के समीप गश्त के दौरान ट्रक चालकों समेत अन्य पांच लोगों से 7.88 ग्राम चिट्टा और 68.36 चुरा पोस्त बरामद कर इनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस धर्मपुर के समीप गश्त पर थी। इसी बीच परवाणू थाना से सूचना मिली कि परवाणू प्रवेश द्वार से एक गाड़ी बिना पास दिखाए धर्मपुर की ओर आई है। जब गाड़ी धर्मपुर में पहुंची तो पुलिस ने उसे तलाशी के लिए रोका।
तलाशी लेने पर संदीप ठाकुर निवासी गांव बेर की सैर चंबाघाट और पंकज कुमार गांव बसाल से 68.36 ग्राम भुक्की (चूरा पोस्त), 1.15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दूसरे मामले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक से चिट्टा ले जाया जा रहा है।
पुलिस ने नाका लगाकर ट्रक को रोका तो उसमें चालक देवेंद्र सिंह गांव नेरी जगैला डा. सनौरा करगानु राजगढ़ से 3.27 ग्राम चिट्टा बरामद किया। तीसरे मामले में पुलिस ने सूर्य विहार सोलन में कपिल गांव मंझौली चौपाल जिला जिला शिमला, आदर्श राणा गांव ठारु डाकघर देवठी मझगांव और रोबिन गांव थानाधार भुइरा राजगढ़ से 3.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
इनके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, एसपी सोलन अभिषेक यादव ने मामलों की पुष्टि कर बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से नशे के बारे में पूछताछ की जा रही है।