सोलन। स्वास्थ्य विभाग के पास कोरोना वैक्सीन की पहली खेप पहुंचने के बाद वैक्सीन को धर्मपुर के लिए वैक्सीन वैन में रवाना कर दिया गया है। इसे सुबह एमएमयू अस्पताल के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद बाकी वैक्सीन को निर्धारित तिथियों के हिसाब से बाकी सेंटरों में भेजा जाएगा। विभाग को पहले चरण में शनिवार से शुरू किए जा रहे अभियान के लिए 4 हजार 300 कोरोना डोज के साथ 430 वायल्स उपलब्ध करवाई गई हैं।
इस अभियान के तहत सबसे पहली डोज क्षेत्रीय अस्पताल में रेडियोग्राफर और एमएमयू कुमारहट्टी में एक विद्यार्थी को दी जानी है। हालांकि विभाग ने वैक्सीन आने से पूर्व ही सभी प्रकार की आवश्यक तैयारियों को पूरा कर लिया था। वैक्सीन की सुरक्षा को लेकर कोल्ड स्टोरेज सेंटरों में कैमरों सहित 24 घंटे सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है। साथ ही वैक्सीन से किसी प्रकार के खतरे को देखते हुए विशेषज्ञों की टीम के साथ एंबुलेंस का प्रबंध किया है। जानकारी के अनुसार प्रथम चरण में सात हजार कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन दी जानी है। इसमें सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में पहले दिन सौ और एमएमयू में सौ स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन दी जाएगी।
शुक्रवार को वैक्सीन को रवाना करने के साथ विभाग के अधिकारियों के बनाए कोल्ड स्टोरेज सेंटरों सहित अन्य सेंटरों का निरीक्षण भी किया। डोज देने के बाद कर्मी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। घर जाने के बाद विशेषज्ञ का नंबर भी कर्मी को उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि आपात दशा में आसानी से संपर्क किया जा सके।
उधर, सीएमओ सोलन डॉ. राजन उप्पल ने बताया कि अभियान के शुरूआती दौर में सोलन और एमएमयू दो सेंटरों में स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना डोज दी जाएगी। सोलन में वैक्सीन को रखवाने के साथ धर्मपुर के लिए भेजा गया है। इसे सुबह एमएमयू अस्पताल ले जाया जाएगा।