लोगों ने क्षेत्र में फायर विभाग का वाहन रखने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल(सोलन)। ग्राम पंचायत चायल में वीरवार को सुबह एक रिहायशी मकान में ऊपर की मंजिल में अचानक आग लगी। इसे समय रहते हुए देख लिया गया और उस पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। यह मामला सुबह वीरवार 10:00 बजे का है। इस दौरान अचानक घर की ऊपर की मंजिल में धुआं उठना शुरू हो गया। आनन फानन ने मकान मालिक सोमनाथ गुप्ता ने दरवाजा खोला और पानी डालकर आग पर काबू पा लिया।
इस दौरान स्थानीय कारोबारी अशोक कपूर, अजय शर्मा, रवि कुमार, शंभू, शुभम, राधा, राहुल गुप्ता, दुर्गा प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में मदद की। वहीं कारोबारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग उठाई कि चायल बाजार में छोटी फायर ब्रिगेड का वाहन रखें ताकि बड़ा हादसा होने से टाला जा सके। चायल क्षेत्र से सात ग्राम पंचायतें जुड़ी हैं व जिला शिमला की तीन ग्राम पंचायत भी इसी के तहत आती हैं। यहां पर कई होटल भी हैं, मगर यहां पर फायर ब्रिगेड कार्यालय नहीं है।