एनएच पर पेट्रोलिंग और गश्त को बढ़ाने की भी तैयारी
पर्यटक नगरी चायल व कसौली में तैनात होंगी पुलिस टीमें
सीमाओं और होटलों पर भी पुलिस की रहेगी पैनी नजर
हाईटेक सीसीटीवी से भी एनएच पर रहेगा पूरा कंट्रोल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में क्रिसमस और नववर्ष के लिए पुलिस ने पर्यटन स्थलों सहित एनएच की सुरक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्यटन नगरी चायल, कसौली, बड़ोग समेत एनएच को सेक्टरों में बांटा गया है। जिसमें परवाणू से जाबली, जाबली से बड़ोग, कसौली, बड़ोग से सलोगड़ा, जिला मुख्यालय सोलन, कंडाघाट से शालाघाट, चायल, सुबाथू-कुनिहार समेत बाईपास सोलन को सेक्टरों में शामिल किया गया है। इसकी अध्यक्षता एसएचओ या फिर डीएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे। वहीं इस दौरान सीसीटीवी व पैट्रोलिंग से भी सुरक्षा बंदोबस्त पर पूरी नजर रखी जाएगी।
एनएच सहित पर्यटक स्थल कसौली, चायल के लिए पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। क्रिसमस और नववर्ष पर एनएच के किनारे कोई भी पर्यटक या स्थानीय लोग अपने वाहनों को खड़ा नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा हुड़दंगियों से निपटने के लिए पुलिस की ओर से जगह-जगह पर पैट्रोलिंग की जाएगी। जिसमें हुडदंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार क्रिसमस और नए साल के जश्न में हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा चक्र मजबूत कर लिया है। पर्यटक नगरी चायल और कसौली में बाहरी राज्यों से लोगों की अधिक आवाजाही होती है। इस बीच सुरक्षा को लेकर यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीमाओं की चौकसी को भी बढ़ाया जा रहा है। गश्त अभियान और यातायात चेकिंग दोगुना कर दी है। खासतौर पर कालका-शिमला एनएच पर हुड़दंगियों व होटलों, गेस्ट हाउसों पर भी विशेष रूप से पैनी नजर रहेगी। इसके लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सुरक्षा सहित यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इनसेट
सुरक्षा के सभी इंतजाम मजबूत
एएसपी सोलन योगेश रोल्टा ने बताया कि क्रिसमस और नववर्ष को लेकर सुरक्षा इंतजाम की तैयारी शुरू कर दी है। जिसमें रात्रि गश्त, पैट्रोलिंग को बढ़ाया जा रहा है। सुरक्षा और जाम से निपटने के लिए जिले को सेक्टरों में बांटा जा रहा है। पर्यटक नगरी चायल और कसौली में सबसे अधिक पर्यटक आते हैं। जिसके तहत यहां पर पुलिस की अतिरिक्त टीम भी तैनात की जा रही है। इसके अलावा एनएच सहित अन्य क्षेत्रों में हुड़दंगियों पर नकेल कसने के लिए भी पैट्रोलिंग की जाएगी।