अग्निशमन विभाग की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद लपटों पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में वाहनों के स्पेयर पार्ट बनाने वाली कंपनी में आग लग गई। इससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। अग्निशमन विभाग की टीम को आग पर काबू पाने के लिए करीब एक घंटे का समय लगा। बताया जा रहा है कि केमिकल में आग लगने के कारण भड़क गई। इस दौरान कर्मचारी भी कंपनी में कार्य कर रहे थे। घटना शनिवार लगभग सुबह 11:35 की है। कर्मचारियों को आग का पता लगते ही कंपनी से सुरक्षित बाहर निकले। इसके बाद अग्निशमन विभाग और पुलिस को आग लगने की जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए। वहीं, डीएसपी परवाणू मेहर पंवार भी मौके पर पहुंची और आग के कारणों का पता लगाया गया। गनीमत यह है कि घटना में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं है। उधर, परवाणू अग्निशमन विभाग के फायर अफसर अनिल कुमार ने बताया की लगभग 11:35 पर सेक्टर-दो स्थित कंपनी में आग की सूचना मिली। आग पर काबू पाने के लिए फायर टेंडर मौके के लिए रवाना हुआ। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।