कुनिहार में उप तहसील भवन के कार्य का शुभारंभ करते हुए विधायक। स्रोत: आईपीआर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि लोगों के जीवन को सरल बनाने और उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार अनेक योजनाएं कार्यांवित कर रही है। अवस्थी शुक्रवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड (एचपीबीओसीडब्ल्यू) के जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व कुनिहार में 1.31 करोड़ रुपये से निर्मित उप तहसील भवन का भूमि पूजन भी संपन्न किया। अवस्थी ने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। विधायक ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत 4 परिवारों को इंडक्शन चूल्हे वितरित किए गए। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के पंजीकृत 52 श्रमिकों के लिए 12.15 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा वर्तमान में 14 कल्याणकारी योजनाएं कार्यांवित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजनाएं शिक्षा छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान और मातृत्व लाभ से लेकर स्वास्थ्य सहायता और आवास सहायता पर कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश ठाकुर, कोटी की प्रधान बलविंदर कौर, देवरा के प्रधान रूप सिंह ठाकुर, बड़ोग के प्रधान योगराज चौहान, धुंदन की प्रधान शंकुतला शर्मा, मान के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, चम्यावल की प्रधान उर्मिला ठाकुर, रोहांज जलाना की प्रधान सुनीता गर्ग, नवगांव के प्रधान कृष्ण देव गौतम, बलेरा के उप प्रधान लेख राज, पूर्व प्रधान अनिल तनवर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी श्रमिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।