झारखंड की रहने वाली थी महिला
पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। मानपुरा थाना क्षेत्र के तहत खेड़ा स्थित धागा कंपनी में रहने वाली 21 वर्षीय महिला कामगार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका झारखंड की रहने वाली बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कांति देवी नामक महिला कामगार एक साथी महिला के साथ कमरे में रहती थी। शाम के समय उसकी साथी खाना खाने के लिए बाहर गई थी। जब वह लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अन्य कामगारों को इसकी सूचना दी गई। मामले की जानकारी मिलने पर कंपनी प्रबंधन ने मानपुरा पुलिस को बुलाया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला कमरे में मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।