मुख्य भंडारण टैंक में कम पानी मालरोड, सन्नी साइड समेत अन्य क्षेत्र में रोकी सप्लाई
जल शक्ति विभाग के अधिकारियों का दावा ने शनिवार देर रात ठीक करवा दिए पैनल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। गिरि पेयजल योजना के पावर पैनल में आई तकनीकी खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है। इससे शहर के मुख्य भंडारण टैंकों में पानी कम पहुंचने से कई वार्डों में पानी की आपूर्ति रोकी गई और लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा। कम पानी होने के कारण कई घरों की टंकियां खाली हो गईं और विशेष रूप से रविवार को शिवरात्रि पर्व के दौरान लोगों को टैंकर से पानी मंगवाना पड़ा। जलशक्ति विभाग के अनुसार पावर पैनल को शनिवार देर रात तक ठीक कर लिया गया था और पानी की लिफ्टिंग शुरू कर दी गई थी, लेकिन मुख्य भंडारण टैंक तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाया। इस कारण कुछ वार्डों में ही पानी की आपूर्ति की जा सकी। रविवार को पानी की आपूर्ति शुरू की गई, जबकि सन्नी साइड, मालरोड, और जवाहर पार्क जैसे इलाकों में आपूर्ति रोक दी गई। अब शहरवासियों को नगर निगम द्वारा पांचवें दिन पानी का आवंटन किया जाएगा, जबकि सामान्य रूप से यह चौथे दिन होता था। गिरि और अश्वनी पेयजल योजनाओं से सोलन शहर में पानी की आपूर्ति की जाती है। गिरि योजना से रोजाना करीब 90 लाख लीटर पानी मिलता है, जबकि अश्वनी योजना से 25-30 लाख लीटर पानी आता है। जब गिरि योजना में कोई फॉल्ट आ जाता है, तो अश्वनी योजना का सहारा लिया जाता है, लेकिन इस बार दोनों योजनाओं से पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया, जिसके कारण शहर में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।
कोट
गिरि पेयजल योजना के पैनल में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे अब ठीक करवा लिया गया है। अब पानी की आपूर्ति नगर निगम को दी जा रही है और अश्वनी पेयजल योजना से भी पानी मुख्य टैंक तक पहुंचाया जा रहा है।
ईएन सिंह,सहायक अभियंता, जलशक्ति विभाग सोलन
कोट
गिरि पेयजल योजना में तकनीकी खराबी के कारण पानी के आवंटन में दिक्कत आई थी। जलशक्ति विभाग से बातचीत की गई है और उन्होंने पैनल के सही होने की पुष्टि की है। जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
ऊषा शर्मा, महापौर, नगर निगम, सोलन