बजट से संबंधित
कांगड़ा, सिरमौर समेत सोलन का फार्म होगा अपग्रेड
मुख्यमंत्री ने बजट में की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कृषि विभाग के बेरटी स्थित फार्म में सब्जी, फूल और फलों के पौधे वैज्ञानिक तरीके से तैयार किए जाएंगे। इसके लिए इस फार्म को पुनर्गठित कर अपग्रेड किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से जारी बजट में घोषणा भी कर दी है। जिसमें सोलन की बेरटी, जिला सिरमौर की भंगाणी और कांगड़ा का भूट्टू फार्म शामिल है।
इस नर्सरी में वैज्ञानिक तरीके से उच्च गुणवत्ता वाले बीज से सब्जी, फूल व फलों के पौधे तैयार किए जाएंगे। यहां से तैयार किए जाने वाले पौधे किसानों को दिए जाएंगे। इससे किसान अपनी सब्जी व फूलों की अगैती फसल तैयार कर उसे बढि़या दाम पर बाजार में बेच सकेंगे। फल और सब्जी की पौध तैयार करने के लिए किसानों को जमीन खाली नहीं रखनी पड़ेगी। इससे फसल चक्र का एक माह का समय भी बचेगा। वर्तमान में किसानों के लिए इस तरह की कोई भी बेहतरीन सुविधा नहीं है। हालांकि कृषि विभाग की ओर से निम्न स्तर पर टमाटर, शिमला मिर्च की नर्सरी तैयार की जाती है। लेकिन उसकी गुणवत्ता कम होने के चलते बहुत कम किसान ही यहां से पौध की खरीद करते है। लेकिन अब बेरटी में फार्म को अपग्रेड करने के बाद यहां पर वैज्ञानिक तरीके से उच्च गुणवत्ता वाले बीज से सब्जियों की नर्सरी तैयार की जाएगी, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।