ग्राम पंचायत चायल में उद्यान विभाग की ओर से आयोजित कीवी की खेती के प्रति जागरूकता शिविर में मौ
उद्यान विभाग ने चायल की कई पंचायतों में चलाया जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल(सोलन)। कंडाघाट की ग्राम पंचायत चायल में उद्यान विभाग की ओर से शिवा क्लस्टर योजना के तहत किसानों को कीवी की खेती के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत चायल, नगाली, झाझा और बांजनी पंचायतों के किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों एवं कीवी उत्पादन के लाभों की जानकारी दी गई। उद्यान विकास अधिकारी डॉ. अनामिका सैनी ने बताया कि यह जागरूकता अभियान पूरे उपमंडल में चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस लाभकारी फसल को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जलवायु कीवी उत्पादन के लिए उपयुक्त है और यदि वैज्ञानिक तरीके से खेती की जाए तो किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।
वहीं उद्यान विकास अधिकारी ऊषा विभिन्न पंचायतों में जाकर किसानों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक कर रही हैं। उन्होंने किसानों को बताया कि कीवी की सफल खेती के लिए कम से कम 25 बीघा भूमि, तीन या अधिक किसानों का समूह, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता तथा पानी का टैंक होना आवश्यक है। शनिवार को ग्राम पंचायत चायल, झाझा, नगाली और बांजनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर कीवी खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। उद्यान विभाग ने किसानों से इस योजना का लाभ उठाने और बागवानी की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया।