नालागढ़ में बोले शहरी विकास विभाग निदेशक
स्थानीय प्रतिनिधियों से की स्वच्छ हिमाचल अभियान की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल के शहरी विकास विभाग के निदेशक डॉ. नीरज कुमार ने शुक्रवार को नालागढ़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद के सभागार में पार्षदों, अधिकारियों, स्कूली छात्रों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद किया। इस अवसर पर सरकार की ओर से 10 फरवरी से 9 मार्च तक चलाए जा रहे स्वच्छ हिमाचल अभियान की समीक्षा ली। उन्होंने कहा कि घरों से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग करके कूड़े वाली गाड़ी को दें। हिमाचल में लगभग 2.75 लाख परिवार है। सभी परिवारों को एक विशिष्ट आईडी दी जा रही है। जो भी परिवार इसका पालन नहीं करेगा, उनकी अन्य सुविधाएं बंद की जा सकती है। इससे पूर्व उन्होंने स्कूली छात्रों की रैली को भी हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। बच्चों ने अपने हाथों में स्वच्छता से संबंधी नारे लिखी तख्तियां उठा रखीं थी और नारे लगाते हुए शहर का चक्कर लगाया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक हरदीप बावा से मिलकर नालागढ़ के विकास के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और विधायक हरदीप बावा ने नालागढ़ के विकास के लिए अतिरिक्त फंड उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष वंदना बंसल, कार्यकारी अधिकारी आरएस वर्मा, पार्षद अलका वर्मा, महेश गौतम, अमरिंदर सिंह भिंडर, पूर्व अध्यक्ष देवीशरण खुल्लर और नगर परिषद के अधिकारी कर्मचारी व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।