नालागढ़ (सोलन)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला नालागढ़ की ओर से स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए कुल 284 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया था, जिनमें से 208 ने परीक्षा दी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता, राष्ट्रबोध और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। परीक्षा में इतिहास, भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता, हिमाचल प्रदेश का सामान्य ज्ञान, विज्ञान, खेल, संविधान, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम तथा समसामयिक विषयों (करंट अफेयर्स) से संबंधित सवाल पूछे गए। एबीवीपी नालागढ़ के जिला संयोजक अर्पित ने बताया कि प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और ज्ञान को परखने का एक सशक्त मंच प्रदान करती है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को जिला एवं राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तर प्रथम स्थान पाने वाले को 10,000, द्वितीय को 7,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000 की नकद राशि दी जाएगी। पांच छात्रों को 1100-1100 रुपये प्रोत्साहन पुरस्कार मिलेंगे। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के लिए क्रमश 31,000, 21,000 और 15,000 का पुरस्कार तय किया गया है। विद्यालय स्तर के सभी टॉपर विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।