पंचायत कनैर केे गांव कमल्याडु और पंचायत जधाणा के गांव में सामुदायिक भवन की आधारशिला मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने रखी।
- फोटो : अमर उजाला
पंचायत कनैर केे गांव कमल्याडु और पंचायत जधाणा के गांव में सामुदायिक भवन की आधारशिला मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने रखी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सामुदायिक भवन के निर्माण पर पांच-पांच लाख रुपये व्यय होंगे। इसके अलावा बताया कि जिला में 44,208 व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर 33 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इसके अलावा सोलन जिले में जरूरत अनुसार पंचायतों में सामुदायिक भवन निर्मित किए जा रहे हैं। जिले में समुचित संख्या में आंगनबाड़ी केंद्र भी खोले जा रहे हैं। वर्तमान में सोलन जिले में 1281 आंगनबाड़ी केंद्र कार्यरत हैं। प्रदेश सरकार समाज के कमजोर वर्गों के हित में अनेक योजनाएं कार्यान्वित कर रही हैं।
उन्होंने कमल्याडु़ में लोगों को आश्वस्त किया कि पंचायत कनैर के गांव काली और ललयाणा तथा पंचायत जधाणा के गांव बंगडू में पेयजल की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निदान किया जाएगा।
उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को इन गांवों में पेयजल पहुंचाने के लिए सर्वेक्षण कर आकलन तैयार करने के निर्देश दिए। प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव हेमेंद्र ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि ममलीग में उपतहसील के खुलने से क्षेत्रवासियों के राजस्व संबंधी मामले अब उनके घर-द्वार पर ही हल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंडाघाट में राजकीय महाविद्यालय तथा वाकनाघाट में उप सब्जी मंडी खुलने से लोगों को काफी सुविधा मिली है।
यह लोग रहे मौजूद
पंचायत पौधना के प्रधान संजीव ठाकुर, पंचायत जधाणा के प्रधान पिंकेश शर्मा, पंचायत ममलीग की प्रधान द्रोपदी वर्मा, पंचायत सायरी की प्रधान अंजू राठौर, पंचायत जधाणा की पूर्व प्रधान इंदु, खंड कांग्रेस समिति कंडाघाट के अध्यक्ष अजय वर्मा, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता हेमंत तनवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।