नालागढ़- रामशहर मार्ग पर कुमारहट्टी के पास बना दलदल-स्रोत- ग्रामीण।
वाया साई व रामशहर होकर भेजी जा रही शिमला जाने वाली बसें
लोगों को 23 किमी करना पड़ रहा अतिरिक्त सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। 14 दिन बाद नालागढ़-रामशहर शिमला समेत आधा दर्जन मार्ग नहीं खुल पाए। छह अगस्त की क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते यह मार्ग मलबा आने व भूस्खलन होने से बंद हो गए थे। इन मार्गों के बंद होने से एचआरटीसी की एक दर्जन से अधिक रूट बंद हो गए हैं। नालागढ़ से रामशहर मार्ग कुमारहट्टी के समीप बंद हो गया है। पहाड़ी ही खिसकने से यह इस मार्ग का नामोनिशान मिट गया। पीडब्ल्यूडी ने इस मार्ग को नए सिरे से तैयार तो कर दिया है, लेकिन दलदल होने से अभी वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकी है। शिमला जाने वाली बसों को वाया साई व रामशहर होकर भेजा जा रहा है। वाया साई से रामशहर 42 किलोमीटर पड़ रहा है, जबकि नालागढ़ से रामशहर 19 किलोमीटर है। इससे लोगों को 23 किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। वहीं लोगों को अतिरिक्त किराया भी देना पड़ रहा है। बद्दी-साई रामशहर मार्ग भी भारी बारिश के चलते बायला व तालड़ के समीप सड़क टूटने से यहां पर बसों को खतरा बना हुआ है। इसके अलावा मानपुरा-वर्धमान-मानकपुर में पुल टूटने से बंद पड़ा है। रामशहर से नंड कवारनी के समीप मलबा आने से बंद पड़ा है। गुरुकुंड-तालड़-साई मार्ग भी भारी चट्टान आने से बंद है। भियुंखरी मार्ग चड़ावनी के समीप बंद है। ढकरियाणा पंचायत के प्रधान प्रेम सिंह ने बताया कि गुरुकुंड-तालड़-साई मार्ग पर भारी चट्टान आ गई है। इससे यह मार्ग बंद पड़ा है। लोग अपनी नकदी फसलों को मंडी तक नहीं पहुंचा पा रहे। उधर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता परवरसर ने बताया कि मौसम खराब होने के चलते मार्गों को खोलने में दिक्कत आ रही है। नालागढ़-रामशहर मार्ग पर तीन जेबीसी मशीनें लगा रखी हैं, लेकिन दलदल होने के कारण दिक्कत आ रही। जैसे ही मौसम खुलता है तो इन मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।
नालागढ़- रामशहर मार्ग पर कुमारहट्टी के पास बना दलदल-स्रोत- ग्रामीण।