बद्दी- बरोटीवाला मार्ग पर बुरांवाला के समीप सड़क पर भरा बरसात का पानी- स्रोत:- संवाद।
पानी की निकासी न होने से दोपहिया वाहन चालक व पैदल जाने वाले लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। बददी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में मंगलवार को हुई तेज बारिश से सड़कें तालाब बन गई। इससे पैदल चलने वालों व दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बद्दी-नालागढ़ फोरलेन मार्ग पर नालियां बनाने का कार्य अधर में है। यहां पर मलपुर, ट्रक यूनियन, रेड लाइट चौक, संडोली, किशनपुरा, बागवानियां व बद्दी टोल बैरियर के समीप पानी जमा हो गया। वहीं बद्दी से बरोटीवाला मार्ग पर शिवालिक नगर व बुरांवाला में भी पानी जमा हो गया है। यहां पर सड़क के दोनों ओर मकान व उद्योग लगने से पानी की निकासी का कोई रास्ता नहीं बचा है, जिससे पानी सड़क पर इकट्ठा हो जाता है। बीडीसी सदस्य राम रतन चौधरी ने बताया कि बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर पानी निकासी की बहुत बड़ी समस्या है। इस सड़क के दूसरी ओर हरियाणा की सीमा लगती है। हरियाणा के लोग अपनी जमीन व मकानों को ओर पानी नहीं आने देते है। इसके चलते पानी सड़क में भर जाता है। शिवालिक नगर में पानी निकासी की सबसे बड़ी दिक्कत है। यहां पर हल्की सी बारिश में पूरी सड़क तालाब बन जाती है।
माैसम साफ होते ही सड़क की होगी रिपेयर
एनएचएआई के सीनियर इंजीनियर असलम खान ने बताया कि बद्दी-नालागढ़ मार्ग की रिपेयर के लिए पांच करोड़ रुपये का बजट मिला है। लेकिन बरसात के चलते काम बार बार बाधित हो रहा है। मौसम खुलने पर इस मार्ग की पूरी तरह से रिपेयर कर दी जाएगी।