बद्दी में एमएसएमई के लिए कार्यशाला का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। उद्योग विभाग ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के लिए बद्दी में कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला की अध्यक्षता उद्योग विभाग बद्दी के आर्थिक अन्वेषक जस्सी राम ठाकुर ने की।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य बद्दी के एमएसएमई को स्मार्ट सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग योजना के तहत सुविधाओं की जानकारी देना है। इसमें डिजिटल परिवर्तन, क्षमता निर्माण, क्लस्टर विकास, हरित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग पहल और सरकारी सहायता योजनाएं शामिल हैं। कार्यशाला में डिजिटल परिवर्तन विशेषज्ञ सुखप्रीत सिंह ने डिजिटल परिवर्तन्की पर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कृत्रिम मेधा (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), मशीन लर्निंग (एमएल), स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, क्लाउड कम्प्यूटिंग, एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (इआरपी) और कस्टमर रिलेशन मैनेजमेंट (सीआरएम) विषयों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बताया गया कि आरएएमपी कार्यक्रम का उद्देश्य एमएसएमई की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता और मजबूती में सुधार करना है। कार्यक्रम के तहत एमएसएमई के बीच डिजिटल परिवर्तन को सुगम बनाने के लिए उपलब्ध योजनाओं, टूलकिट और समर्थन तंत्र की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला के दौरान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों के बीच स्मार्ट सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विषय पर प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।