सिपेट बद्दी में आयोजित कौशल विकास कार्यक्रम के समपान पर मौजूद अधिकारी। संवाद
सिपेट बद्दी में पावरग्रिड के सहयोग से कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी।
बद्दी (सोलन)। केंद्रीय पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग एवं तकनीकी संस्थान (सिपेट) बद्दी में पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सहयोग से चलाए जा रहे 600 घंटे के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 बेरोजगार युवाओं को रोजगारपरक कौशल से प्रशिक्षित किया गया। समापन समारोह के मुख्यातिथि पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, उत्तरी क्षेत्र-2 के कार्यकारी निदेशक तरुण बजाज रहे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर पाठ्यक्रम की जानकारी ली और युवाओं को कौशल विकास की महत्ता समझाते हुए कहा कि तकनीकी दक्षता आज के समय की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने सिपेट बद्दी की गतिविधियों और प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की। कार्यक्रम में सिपेट बद्दी के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख परमिंदर प्रीत सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण विशेष रूप से प्लास्टिक प्रोसेसिंग एवं तकनीकी क्षेत्र से जुड़ा था, जिसमें विद्यार्थियों को आधुनिक मशीनरी, लैब सुविधाओं और विभिन्न उद्योगों में उपयोग होने वाली प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान छात्रों को कोर्स सामग्री, बैग तथा आवास-भोजन की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई गई। पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) आयूब खान ने भी युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास ही आत्मनिर्भर भारत की कुंजी है। उन्होंने प्रशिक्षित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह में पावरग्रिड नालागढ़ स्टेशन के उप महाप्रबंधक मंजूर अहमद और प्रशिक्षण प्रभारी मुजफ्फर अहमद ने भी अपने विचार रखे और छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर सिपेट बद्दी के प्रबंधक (तकनीकी) मनोज कुमार राजपूत, वित्त एवं लेखा अधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह, तकनीकी अधिकारी संदीप मदान, पाठ्यक्रम प्रभारी रजवीर सिंह, प्रशिक्षक राज कुमार समेत अन्य अधिकारी व प्रशिक्षु उपस्थित रहे।