मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में हुई मासिक प्रगति समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। स्वास्थ्य विभाग सोलन की ओर से शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में मासिक प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने की। उन्होंने जिले में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए सतर्कता बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में चल रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, प्रसवपूर्व एवं प्रसवोत्तर देखभाल और नवजात शिशुओं के फॉलोअप की स्थिति पर चर्चा हुई। गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस संबंधी जांच की प्रगति का भी आकलन किया गया।
डॉ. पाठक ने खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों में कमी वाले कार्यक्रमों पर प्राथमिकता से काम किया जाए। बैठक में स्वच्छता अभियान, स्वस्थ भारत अभियान, वृद्धजन देखभाल अभियान, आशा कार्यकर्ताओं के प्रोत्साहन भुगतान, आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट लिंकिंग और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई।
बैठक में गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच के लिए फील्ड स्तर पर आवश्यक जांच किटों की उपलब्धता और आपूर्ति से जुड़ी कमियों पर भी चर्चा की गई। इसमें जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, सुपरवाइजर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
इनसेट
समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने पर जोर
सीएमओ ने कहा कि डेंगू और मलेरिया के लक्षणों, बचाव और समय पर उपचार के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान और जांच सुनिश्चित की जाए। मलेरिया की आशंका होने पर निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार रक्त स्लाइड या अन्य जरूरी जांच करवाई जाए। वहीं, डेंगू के संदिग्ध मामलों में भी समय पर जांच और आवश्यक उपचार उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों में प्रयोगशाला जांच की सुविधा उपलब्ध है, वहां जांच और रिपोर्ट जारी करने में अनावश्यक देरी न हो।