बिजली के अघोषित कटों से बद्दी में अरबों रुपये के उद्योग कारोबार पर संकट छा गया है। एक दो घंटे भी बिजली गुल रहे से यहां करोड़ों रुपये का नुकसान उद्योगों को झेलना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि औद्योगिक शहर बीबीएन को बिजली की खपत के अनुरूप बोर्ड सप्लाई मुहैया न करवा पा रहा। वहीं विद्युत बोर्ड का कहना है कि बरसात के चलते विद्युत प्रोजेकटों में गाद आने से उत्पादन घटने से यह समस्या खड़ी हुई है।
घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता भी बिजली बोर्ड के अघोषित कटों से परेशान हैं। औद्योगिक क्षेत्र में चार दिन से लगातार बिजली की कटौती बिना किसी सूचना के हो रही है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार इन दिनों पॉवर प्रोजेक्ट नाथपा और झाखड़ी में सिल्ट आने से बिजली का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं को मांग के अनुरूप बोर्ड बिजली मुहैया नहीं करवा पा रहा है।
लोहा उद्योग संघ बद्दी के प्रधान आरएस मलिक ने कहा कि बिजली के अघोषित कट लगने से उद्योगों में काम होते हुए भी मजदूरों से काम नहीं लिया जा रहा है। बिजली के अचानक बंद होने से उद्योगों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली संकट की समस्या को उद्योग समझते हैं लेकिन बोर्ड को एक योजनाबद्ध तरीके से इन कटों को लगाना चाहिए। इसकी पूर्व सूचना उद्योगों तक पहुंचाई जानी चाहिए।
पंचायत प्रधान सोनू देवी, राजिंद्र कौर, उपप्रधान गुरमीत सिंह, कालू मोहम्मद, माधो राम मेहता, बग्गा राम चौधरी, राम गोपाल, ईश्वरी प्रसाद, शेषपाल राणा, कमल ज्ञानी, राजेश कुमार और अन्य लोगों ने बताया कि बिजली के अचानक कटों से कारोबारी परेशान हैं। घरेलू उपभोक्ताओं ने मांग उठाई कि औद्योगिक बिजली सप्लाई से घरेलू सप्लाई को अलग रखा जाए। इससे बिजली की कटौती का घरेलू उपभोक्ताओं पर अधिक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जल्द दुरुस्त हो जाएगी विद्युत आपूर्ति
बिजली बोर्ड डिविजन बद्दी के अधिशाषी अभियंता राकेश कुमार ने कहा कि बीबीएन की जरूरत के अनुसार बिजली का उत्पादन नहीं हो रहा है। पॉवर ग्रिडों पर इन दिनों बरसात के कारण काफी गाद नदी के पानी के साथ आ रही है। इससे बिजली का उत्पादन कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि कट की सूचना डिविजन तक भी नहीं पहुंच पा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को भी सूचित नहीं किया जा रहा। कहा कि ग्रिड पर जल्द ही गाद की समस्या को हल कर दिया जाएगा। इसके बाद बीबीएन में भी बिजली की सप्लाई सुचारु हो जाएगी।