पिछले कई माह से नहीं जमा करवाया था बिल
बोर्ड ने अन्य उपभोक्ताओं को भी दो दिन का दिया समय
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। राज्य विद्युत परिषद बद्दी के तहत बिजली के बिल का भुगतान न करने पर 70 लोगों के बिजली के कनेक्शन काट दिए हैं। यह वह उपभोक्ता हैं जिन्होंने पिछले करीब तीन से चार माह का बिल जमा नहीं करवाया है। वहीं अब बोर्ड ने सख्त होकर संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटना शुरू कर दिए हैं।
इसके अलावा अन्य उपभोक्ताओं को भी दो दिनों में बकाया बिल राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद बोर्ड की ओर से कनेक्शन काटना शुरू कर दिए जाएंगे। जिसमें दोबारा नए सिरे से कनेक्शन करने के लिए सभी औपचारिकताएं करनी पड़ेगी। उधर, बिजली बोर्ड बद्दी के अधिशासी अभियंता दीपक वर्मा ने बताया कि विद्युत परिषद ने आंशिक बिजली के बिल के भुगतान को बंद कर दिया है। सभी उपभोक्ताओं को पूरी बकाया राशि एक मुश्त जमा करानी होगी। अन्यथा बिना किसी सूचना के बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।