कंडाघाट में पंचायत चुनावों को लेकर आयोजित द्वितीय पूर्व अभ्यास के दौरान मौजूद पदाधिकारी। स्रो
पंचायती राज चुनाव को लेकर कंडाघाट में पूर्व अभ्यास का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल (सोलन)। पंचायती राज निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारियों को लेकर पीठासीन अधिकारियों और पोलिंग अधिकारियों के लिए द्वितीय पूर्व अभ्यास का आयोजन कंडाघाट में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रिटर्निंग अधिकारी पंचायत एवं खंड विकास अधिकारी ओपी शर्मा ने की। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी जिला परिषद एवं उपमंडल अधिकारी कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा तथा चुनाव आयोग की ओर से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक डीसी नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया में पहली बार बनाए जा रहे महिला बूथों की पोलिंग पार्टियों सहित करीब 300 अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया। ये अधिकारी 26, 28 और 30 मई को होने वाली पंचायती राज निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। पूर्व अभ्यास के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चार-चार के समूह में विभाजित कर मतदान संबंधी सभी फॉर्म और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें पोलिंग डे मॉनिटरिंग सिस्टम एप डाउनलोड करवाकर उसके उपयोग के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस बार यह एप निर्वाचन संबंधी सूचनाओं को ऑनलाइन अपडेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। विकास खंड कंडाघाट की कनिष्ठ अभियंता सुलक्षणा ने बैलेट बॉक्स के उपयोग, खोलने और सील करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। खंड विकास अधिकारी ओपी शर्मा ने बताया की आगामी पंचायत निर्वाचन के लिए 24 मई दिन रविवार को सभी पोलिंग पार्टियों राजकीय महाविद्यालय कंडाघाट परिसर से निर्वाचन संबंधित सामग्री एवं मत पेटियां प्रदान कर हिमाचल परिवहन की बसों के माध्यम से अपने-अपने गंतव्य को रवाना कर दिया जाएगा। उसके बाद 30 मई को तीन चरण के पंचायती राज चुनाव करवाने के पश्चात उन्हीं बसों में वापस विकास खंड कंडाघाट के कार्यालय ये वापस लौटेंगे।