संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिक्षा विभाग ने जिले के सभी सरकारी स्कूलों से बोर्ड परीक्षा के परिणामों की सूची मांगी है। इसमें खराब परीक्षा परिणाम होने पर अध्यापकों पर भी गाज गिर सकती है। शिक्षा विभाग स्कूलों के परीक्षा परिणाम का आंकलन करेगा। अभी जिला स्तर पर शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा परिणाम की सूची जारी नहीं की है। सूची मिलने के बाद खराब रिजल्ट देने वाले अध्यापकों का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा। खराब रिजल्ट पर अध्यापकों की रिपोर्ट में खराब प्रदर्शन (पुअर परफार्मेंस) लिखा जाएगा। एक सप्ताह में बोर्ड से सारा रिकॉर्ड स्कूल वाइज पहुंच जाएगा। लगातार तीन वर्ष तक खराब रिजल्ट देने वाले विषय के अध्यापकों की इंक्रीमेंट भी रुक सकती है। इसमें 25 फीसदी से कम रिजल्ट लाने वाले स्कूल के शिक्षक शामिल होंगे।
अभी नहीं पहुंचा स्कूलों का ब्योरा
जिले के सरकारी स्कूलों के रिजल्ट का ब्योरा विभाग के पास अभी नहीं पहुंचा है। परीक्षा परिणाम की सूची आने के बाद जिन स्कूलों के अध्यापकों का रिजल्ट बीते तीन वर्षों से खराब चल रहा है और 25 प्रतिशत से कम हैं, उनकी एसीआर में खराब प्रदर्शन लिखा जाएगा। शिक्षा विभाग जिलास्तर पर परीक्षा परिणाम की सूची तैयार कर रहा है। इसकी रिपोर्ट जल्द निदेशालय को भी भेजी जाएगी।
डॉ. जगदीश नेगी, शिक्षा उपनिदेशक उच्च शिक्षा