25 और 26 नवंबर को लगेगा जदारी मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट(सोलन)। जिला सोलन के प्राचीनतम मेलों की पंक्ति में आने वाले कंडाघाट उपमंडल की सिरीनगर पंचायत का जदारी-बागुड़ी का मेला 25 और 26 नवंबर को जदारी में आयोजित किया जाएगा । इसमें खेल, ठोडा नृत्य सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
मेला कमेटी के पदाधिकारी, राजेंद्र ठाकुर, रमेश ठाकुर, प्रद्युम्न ठाकुर, देविंद्र मेहता, मोहन ठाकुर, हर्ष ठाकुर ने बताया कि मेले में महिला और पुरुष कबड्डी मैच, पुरुष वालीबाल मैच, ठोडो, छींज, महिला मंडलों और स्कूली बच्चों के खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें विजेताओं को मेला कमेटी आकर्षक पुरस्कार से सम्मानित करेगी। बता दें यह मेला प्राचीन काल से देव प्रथा से जुड़ा है और खरीफ की फसल कटाई के बाद मनाया जाता है। मेले में मिट्टी के बर्तन, औजार जैसे हस्तशिल्प वस्तुओं की खरीद और बिक्री होती है। कमेटी ने भी प्राचीन ठोडो जैसे खेले और कई अन्य प्राचीन परंपराएं संजोए रखी हैं जो मेले का आकर्षण रहती हैं।