पूर्व नप अध्यक्ष ने नगर निगम पर उठाए सवाल, पानी का छिड़काव करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। औद्योगिक नगर बद्दी को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करने के दावों के बीच शहर की प्रमुख साई सड़क पर उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क की मरम्मत और चौड़ीकरण के चलते उड़ रही मिट्टी से दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली से पहले घरों और दुकानों की सफाई करने के बावजूद कुछ ही देर में धूल की परत जम जाती है। सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। साई मार्ग पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत और चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसके तहत सीवरेज चैंबर बनाने, नई तारकोल बिछाने और इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने का काम किया जा रहा है। निर्माण के दौरान निकली मिट्टी कई स्थानों पर सड़क किनारे और मार्ग पर पड़ी है। दिनभर वाहनों की आवाजाही से यह मिट्टी हवा में फैलकर आसपास के क्षेत्रों को प्रभावित कर रही है। व्यापारियों को दुकानों की बार-बार सफाई करनी पड़ रही है, जबकि बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है।
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला गुरमेल चौधरी ने नगर निगम प्रशासन पर शहरवासियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि दिवाली के समय लोग घरों और दुकानों की सफाई में जुटे हैं, लेकिन धूल के कारण उनकी मेहनत बेकार हो रही है। कुछ लोग खरीदारी के लिए बद्दी के बजाय चंडीगढ़ जा रहे हैं। उन्होंने दून विधायक राम कुमार चौधरी के बद्दी को चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित करने के दावों पर भी सवाल उठाए। उर्मिला ने कहा कि साई मार्ग पर बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से नियमित पानी का छिड़काव करवाने, निर्माण सामग्री व्यवस्थित रखने और कार्य में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर जल्द ही एसडीएम बद्दी को ज्ञापन सौंपा जाएगा और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे।