पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गश्त के दौरान की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के चक्का गांव में छापा मारकर एक आरोपी को 3.532 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत टीम को सूचना मिली कि चक्का गांव में एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद बैग से कुल 3.532 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोविंद कुमार सिंह निवासी गांव नाईका लोहा टोला तहसील व थाना रिविलगंज, जिला सारन (बिहार) के रूप में हुई है। उधर, एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अभी इसका पता नहीं चल पाया है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और बद्दी में किसे सप्लाई करने जा रहा था।