Drug mafia active after opening of educational institutions in Solan distt
सोलन। कोविड के बाद शिक्षण संस्थान खुलते ही शिक्षा हब सोलन में नशा तस्करों ने फिर से धीरे-धीरे युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। सबसे महंगे नशे चिट्टे का सोलन शहर और आसपास जमकर इस्तेमाल हो रहा है। यह खुलासा सोलन में एक माह में चिट्टे सहित अन्य नशा तस्करी के 14 मामलो में 24 लोगों की गिरफ्तारी से हुआ है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पंजाब और हरियाणा से सटे होने की वजह से सोलन में नशा कारोबार का बड़ा असर देखने को मिल रहा है। यहां बड़ी संख्या में युवा नशे खासतौर पर चिट्टे के आदी हो चुके हैं। कोविड के बीच नशा माफिया भी शांत हो गया था। अब शिक्षण संस्थानों के खुलते ही सक्रिय होना शुरू हो गया है। इसके बाद पुलिस ने भी नशा माफिया के खिलाफ मुहिम शुरू कर दी है।
दिन और रात के समय गश्त कर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जनवरी से अभी तक पुलिस ने नशे के मामले में 24 गिरफ्तारियां की हैं। इसमें अधिकतर मामले गिरफ्तारी चिट्टे के संबंध में हुई हैं। दो महिलाएं भी इनमें शामिल हैं। पुलिस ने एक माह में 218 ग्राम अफीम, एक किलो 614 ग्राम चरस, 28 ग्राम चिट्टा और 260 नशीली दवाइयां बरामद की हैं।
नशा तस्करों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई : एएसपी
एएसपी अशोक वर्मा ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। गुप्तचर विभाग को सक्रिय किया है। एक माह में 14 मामलों में 24 की गिरफ्तारियां की गई जिसमें प्रदेश और बाहरी राज्यों के युवा शामिल हैं। पुलिस की मुहिम आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें।