एक बच्ची की हालत गंभीर, एमएमयू अस्पताल रेफर, एक को छुट्टी मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। सुबाथू रोड धर्मपुर स्थित एक निजी स्कूल के बाहर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब नशे में धुत्त एक कार चालक ने सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे स्कूली बच्चों कोटक्कर मार दी। इस हादसे में दो छोटी बच्चियां घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल में छुट्टी होने के बाद बच्चे अपनी बस का इंतजार करने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई कार ने बच्चों को टक्कर मार दी, जिससे दो बच्चियां नीचे गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्कूल शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चियों को साथ लगते निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एक बच्ची को छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरी बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमएमयू अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान चालक कार ने अपने आप को कार में बंद कर दिया। चालक की पहचान स्थानीय निवासी बिट्टू वैद के रूप में बताई जा रही है। सूचना मिलने पर धर्मपुर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को अपने साथ पूछताछ के लिए थाने ले गई।
उधर, थाना प्रभारी धर्मपुर दिलीप सिंह तोमर ने कहा कि अभी तक उनके पास शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।