खुंभ अनुसंस्थान संस्थान के कार्यकारी निदेशक डॉ. बृज लाल अत्री को सम्मानित करते हुए। स्रोत: संस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। चंबाघाट स्थित खुंब अनुसंधान निदेशालय (डीएमआर) के प्रधान वैज्ञानिक एवं कार्यकारी निदेशक डॉ. बृज लाल अत्री को प्रतिष्ठित डॉ. जेसी आनंद गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार बागवानी फसलों की कटाई उपरांत प्रौद्योगिकी में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन्हें भारतीय बागवानी विज्ञान अकादमी नई दिल्ली की ओर से बेंगलुरु में आयोजित चार दिवसीय भारतीय बागवानी कांग्रेस में प्रदान किया गया। डॉ. अत्री पिछले लगभग 30 वर्षों से फल, सब्जियां और फूलों के रखरखाव और मूल्य संवर्धन पर महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में डॉ. अत्री मशरूम की भंडारण अवधि बढ़ाने और उसके उत्कृष्ट उत्पाद विकसित करने पर सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। वह खासकर बटन मशरूम सहित अन्य मशरूम की शेल्फ लाइफ बढ़ाने और मशरूम को सुखाकर उसके भंडारण की तकनीक पर काम कर रहे हैं। डॉ. अत्री की इस उपलब्धि पर खुंब अनुसंधान निदेशालय (डीएमआर) के सभी वैज्ञानिकों ने उन्हें बधाई दी है।