नानजिंग में 7 से 12 जून तक होगा अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट(सोलन)। दाड़लाघाट के नवगांव की डॉ. अर्चना शर्मा का चीन के नानजिंग में होने वाले 23वें विश्व मृदा विज्ञान महासम्मेलन में शोध-पोस्टर प्रस्तुति के लिए चयन हुआ है। अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन 7 से 12 जून तक होगा। इसमें दुनिया भर के मृदा वैज्ञानिक और शोधकर्ता भाग लेंगे। डॉ. अर्चना शर्मा को उनके शोध-सार के आधार पर अंतरराष्ट्रीय मृदा विज्ञान संघ की वैज्ञानिक समिति की ओर से यात्रा अनुदान प्रदान किया गया है। इस अनुदान के तहत पंजीकरण व अन्य शुल्कों के लिए 1000 अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
विश्वभर के केवल 40 शोधकर्ताओं को अनुदान दिया गया है। इनमें भारत से मात्र तीन शोधकर्ता शामिल हैं। डॉ. अर्चना शर्मा ने कृषि स्नातक (बीएससी कृषि) की शिक्षा चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विवि पालमपुर से प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने नौणी विवि से मृदा विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर व डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। डॉ. अर्चना शर्मा की उपलब्धि से दाड़लाघाट और नवगांव क्षेत्र में खुशी का माहौल है। संवाद