कसौली के जगजीत नगर-शक्तिघाट सड़क पर चामियां पंचायत के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से गिरी गाड़ी।
कसौली के जगजीत नगर-शक्तिघाट मार्ग पर सुबह पेश हुआ हादसा
गिरने की आवाज सुनने पर स्थानीय लोगों ने चालक को निकाला सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
कसौली(सोलन)। कसौली के जगजीत नगर-शक्तिघाट मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। चामियां पंचायत के समीप एक अनियंत्रित कार सड़क से नीचे उतरकर एक रिहायशी मकान के लेंटर पर जाकर अटक गई। कार लेंटर पर हवा में लटकी रही, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। यदि कार थोड़ी और आगे खिसकती, तो सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर सकती थी।
पुलिस जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 4 बजे की है जब कार जगजीत नगर से शक्तिघाट की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे उसका वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित होकर कार सड़क पार करते हुए ढलान की तरफ चली गई और मकान की छत पर जा अटकी। हवा में लटकी कार को देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।