बीबीएन की सनेड़ पंचायत के हांडा कोंडी गांव में आईपीएच के पानी के स्टोरेज टैंक के ऊपर ढक्कन न होने से उसमें वीरवार देर रात एक कुत्ता गिर गया। सुबह आईपीएच ने वही पानी लोगों के घरों में सप्लाई कर दिया।
सुबह करीब 11.30 पर लोगों को पानी के टैंक में कुत्ता गिरे होने का पता चला तो पूर्व पंच ने इसकी जानकारी आईपीएच विभाग को दी। उसके बाद कुत्ते को पानी के टैंक से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक लोगों के घरों में पानी सप्लाई किया चुका था।
लोगों का कहना है कि इस बारे में विभाग को कई बार अवगत कराया गया लेकिन अभी तक इसे ठीक नहीं किया गया है। जिससे लोग दूषित पानी पी रहे हैं।
बीती रात एक कुत्ता टैंक में गिर गया जिसे शुक्रवार सुबह लोगों ने बाहर निकाला। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर विभाग ने इसे जल्द ही टैंक को ढक्कन नहीं लगाया तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। उधर, आईपीएच के अधिशासी अभियंता सुनील कनोत्रा ने बताया कि विभाग की ओर से इस टैंक को साफ किया जाएगा। शीघ्र ही एस्टीमेट तैयार करके टैंक को ढका जाएगा।
कहीं बीमारी से ग्रस्त तो नहीं था कुत्ता
लोगों को भय है कि आवारा कुत्ता कहीं किसी बीमारी से न ग्रस्त हो। लोगों ने वेटरनरी विभाग से कुत्ते की जांच की मांग उठाई है। उधर इस घटना से पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। गांव के लोग इसके आईपीएच का कोताही बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर पानी पीकर स्वास्थ्य बिगड़ता है तो उसका जिम्मेवार लोनिवि होगा।
300 की आबादी पी रही पानी
इस पानी से हांडा कोंडी व खाबड़ा गांव की तीन सौ की आबादी प्यास बुझाती है, लेकिन विभाग की लापरवाही के चलते उन्हें दूषित पानी पीना पड़ रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर टैंक को ढका नहीं गया तो वे पंचायत चुनाव के बहिष्कार करेंगे।
टैंक क्यों नहीं किया खाली
ग्रामीण पूर्व पंच प्रकाश चंद, बाबा राम, सुच्चाराम, गोगी, विक्की, बंटू, राम गोपाल, रामलोक, जमालू, कृष्णकुमार, पम्मा, सोहन लाल, लज्जा राम, नंबरदार नरायणदास, खाबड़ा से सीताराम, देवराज, कपूर चंद ने बताया कि लोगों ने कुत्ता तो निकाल दिया है लेकिन विभाग ने अभी तक टैंक को खाली नहीं किया है। इसके विपरीत विभाग ने सुबह यही पानी की सप्लाई लोगों के घरों में छोड़ दी।