दिवाली को लेकर रोस्टर के मुताबिक अस्पताल में तैनात रहेंगे चिकित्सक
आपातकाल वार्ड मे डाॅक्टरों की टीम देगी सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। त्योहारी सीजन में अस्पताल में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार है। यहीं नहीं त्योहारों के दौरान रोस्टर के मुताबिक अस्पताल में चिकित्सक तैनात रहेंगे। ऑन काॅल भी चिकित्सक सेवाएं देंगे ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए आपातकाल वार्ड में एक टीम भी तैयार की गई है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल सोलन जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर जिला सोलन ही नहीं बल्कि शिमला व सिरमौर जिला के कुछ क्षेत्रों से लोग उपचार करवाने के लिए पहुंचते हैं। इन सभी चीजों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन त्योहारों को लेकर अलर्ट है। त्योहार में लोगों को आसानी से अस्पताल में सुविधाएं मिल सकें इसको लेकर चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं दवाओं की खेप को भी पूर्ण कर लिया गया है। वहीं स्टाफ नर्स व अन्य कर्मियों को भी आपातस्थिति से निपटने के लिए ड्यूटी पर लगाया गया है। उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप जैन ने बताया कि त्योहारों को लेकर अस्पताल प्रशासन तैयार है। चिकित्सकों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। रोस्टर के मुताबिक ही इमरजेंसी ड्यूटी पर चिकित्सक तैनात रहेंगे। इसके अलावा ऑन कॉल भी चिकित्सक सेवाएं देंगे।
इनसेट
पटाखों के प्रदूषण से रहें सावधान
स्वास्थ्य विभाग ने जुखाम, गले में खराश, बुखार से पीड़ित मरीजों को पटाखों से सावधानी बरतने की अपील की है। क्षेत्रीय अस्पताल में मेडिसन विशेषज्ञ डॉ. अनुज गुप्ता ने कहा कि जुखाम, बुखार, गले में दर्द से ग्रस्त मरीजों को पटाखों से उठने वाले धुएं से बचने की जरूरत है। इससे संबंधित मरीज गंभीर बीमारी का शिकार हो सकते हैं। साथ ही पटाखों से झुलसने पर लोग घरों में भी उपचार कर सकते है। इसके लिए ठंडी वस्तु व पेस्ट को जले हुए स्थान पर लगाएं।
इनसेट
आपातकालीन सेवाओं के लिए करें फोन
आपातकालीन सेवाओं के लिए दमकल विभाग सोलन के 101, एंबुलेंस सेवाएं 108, क्षेत्रीय अस्पताल आपातकालीन कक्ष के 223638 फोन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।