कहा चिकित्सकों की मांगों को सरकार ने लटका कर रखा
आंदोलन के लिए चल रही हड़ताल से लोग होते हैं परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन ने सरकार पर नजर अंदाज करने का आरोप लगाया है। संघ के मुख्य सलाहकार डॉ. संतलाल शर्मा ने कहा कि सरकार चिकित्सकों की मांगों को जानबूझकर नहीं देख रही है, जबकि चिकित्सकों का आंदोलन पूरी तरह से जायज है। फिर भी लंबे समय से चिकित्सकों की मांगों को लटका कर रखा गया है। उन्हें बातचीत करने का लॉलीपॉप दिया गया है। यह पूरी तरह से गलत है।
उन्होंने कहा है कि चिकित्सकों के आंदोलन से लोगों को जो परेशानी हो रही है। वह सरकार की चिकित्सकों के प्रति नकारात्मक सोच का नतीजा है। उन्होंने कहा कि एचएमओए और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ हाल ही में हुई बातचीत के बाद यह महसूस हुआ कि सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर उचित सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद सरकार ने एक कमेटी बनाकर उनकी मांगों को ठंडे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने फिर सरकार से चिकित्सकों की मांगें तुरंत मानने का आग्रह किया है। चिकित्सकों के प्रस्तावित सामूहिक अवकाश पर जाने से पहले उनकी सभी मांगें माननी होंगी। उन्होंने कहा है कि वह कोई दान नहीं बल्कि अपना हक मांग रहे हैं जो उन्हें हर कीमत पर चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उनके आंदोलन के कारण राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।