डाइट सोलन में आयोजित की जाएगा प्रशिक्षण शिविर
नशे की पहचान और काउंसलिंग की दी जाएगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नशामुक्त अभियान के तहत जन जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिले के सभी स्कूलों में भी नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता लाई जाएगी। इसके लिए जिले के सभी विद्यालयों के एक-एक शारीरिक शिक्षक को चयनित कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह शिक्षक नशे की ओर जा रहे या उसकी गिरफ्त में आ चुके बच्चों को बाहर लाने का काम करेंगे।
नशामुक्त अभियान के तहत डाइट सोलन में कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। जिसमें शारीरिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें मानसिक रोग चिकित्सालय के डॉक्टर नशे की लत और इससे होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी प्रदान करेंगे। वहीं यहां से प्रशिक्षण लेने के बाद शारीरिक शिक्षा स्कूलों में गठित नशा निवारण कमेटियों को इसका प्रशिक्षण देंगे। उधर, डाइट सोलन के प्रिसिंपल डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि सभी स्कूलों में एक-एक शिक्षक को प्रशिक्षित किया जाएगा। इन शिक्षकों को बताया जाएगा कि वे नशे की ओर जा रहे या नशे की गिरफ्त में आ चुके बच्चों और अन्य लोगों को किस तरह बाहर ला सकते हैं।