संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन/धर्मपुर। मां मनसा व भगवती जागरण के साथ धर्मपुर में जिला स्तरीय मेला शुरू गया। मेले के पहले दिन मां भगवती जागरण हुआ। जागरण में खन्ना से रमन रोमी पार्टी ने मां का गुणगान किया। वहीं, सांची जोत मां ज्वालाजी मंदिर से लाई गई। जागरण शुरू होने से पहले मां मनसा के दरबार में विधायक विनोद सुल्तानपुरी व उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर जागरण पंडाल में पहुंचे। जागरण की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद भजन गायक टी-सीरीज कलाकार रमन रोमी ने मां का गुणगान किया। उन्होंने मां कालका, तेरी मेहरबानियां, निभाई पौना हारी ने, भोले बाबा की कृपा, तेरे नाम दां धूना, मेहरबानी तेरी भोली मां, बंगा कालका ने पानियां समेत बम-बम भोले व अन्य भजन गए। जैसे ही उन्होंने आज होना दीदार शेरांवाली दा भजन गया वैसे ही पंडाल झूम उठा। जागरण के दौरान माहौल पूरी तरह से भक्तिमय रहा। रेलवे स्टेशन मैदान खचाखच भरा रहा। भजन का सिलसिला रात 02:30 बजे तक चलता रहा। इस बीच मोहित शिवाय आर्ट ग्रुप ने राधा-कृष्ण, भोलेनाथ, मां काली, बाहुबली हनुमान, मां शेरावाली की झांकी निकाली। रात 3:00 बजे तारारानी की कथा सुनाई गई। सुबह 5:30 बजे आरती के बाद प्रसाद का वितरण हुआ।