पूर्व सैनिक कुनिहार इकाई की त्रैमासिक बैठक में सदस्यों ने की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। पूर्व सैनिक कुनिहार इकाई की त्रैमासिक बैठक रविवार को कुनिहार स्थित चौधरी निवास में इकाई अध्यक्ष कैप्टन रणधीर सिंह कंवर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व सैनिक लीग सोलन जिलाध्यक्ष एमएल शर्मा, जिला सचिव मस्तराम सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और वीर नारियां उपस्थित रहीं। बैठक का शुभारंभ दिवंगत पूर्व सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर किया गया। उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्र सेवा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके उपरांत एमएल शर्मा को पूर्व सैनिक लीग हिमाचल प्रदेश दक्षिण जोन का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों को केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान बताया गया कि यदि सेवा काल के दौरान किसी अग्निवीर की मृत्यु होती है तो उसके परिवार को आर्थिक सहायता, बीमा लाभ और अन्य निर्धारित सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। पूर्व सैनिकों ने युवाओं से इस योजना को सही जानकारी के साथ समझने का आह्वान किया। बैठक ईसीएचएस से जुड़े मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से उठे। इस दौरान सोलन जिला प्रशासन से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। सदस्यों ने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के सामाजिक कार्यक्रमों, बैठकों और जनहित कार्यों के लिए एक स्थायी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस संबंध में जिला प्रशासन सोलन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। बैठक में पद्म देव दिग्गल, महेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।