नालागढ़ कालेज के छात्र आपदा प्रबंधन में जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेते हुए- स्रोत- कालेज।
- फोटो : 1
भूगोल विभाग की पहल,भूकंप और भूस्खलन जैसी स्थितियों में बचाव के लिए छात्रों को किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के भूगोल विभाग की ओर से आपदा प्रबंधन के प्रति छात्रों को जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई, जिसके माध्यम से आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। भूगोल विभाग में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शित की गई डॉक्यूमेंट्री में मुख्य रूप से भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपातकालीन स्थितियों के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों को दर्शाया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सही निर्णय लेना और त्वरित प्रतिक्रिया देना जान-माल की हानि को कम करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी अबरोल ने आपदा प्रबंधन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्रों को व्यावहारिक और मानसिक रूप से भी तैयार रहना होगा। वहीं, सहायक प्राध्यापिका सिंधुजा ने भी छात्रों को आपदाओं से निपटने के विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक तरीके समझाए।
कॉलेज प्रशासन ने की पहल की सराहना
कॉलेज प्रशासन ने भूगोल विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ता है, बल्कि वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मदद करने के लिए भी प्रेरित होते हैं। इस अवसर पर कॉलेज का स्टाफ और कई छात्र मौजूद रहे।