पांचवीं कक्षा के बच्चों की सप्ताह के एक दिन में ऑनलाइन लेगा कक्षाएं
जेएनवी कुनिहार में प्रारंभिक शिक्षा विभाग की बैठक में लिया गया निर्णय
जिला सोलन के सभी शिक्षा खंड में पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे 7003 विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा की तैयारी जिला डाइट करवाएगी। इसका निर्णय प्रारंभिक शिक्षा विभाग की कुनिहार जेएनवी स्कूल में हुई बैठक में लिया गया। अध्यक्षता प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक डॉ. शिव कुमार शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि नवोदय स्कूल में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का चयन हो इसलिए यह निर्णय लिया गया। सप्ताह में एक दिन डाइट सोलन की टीम ऑनलाइन बच्चों की कक्षाएं लगाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा तैयारी के लिए जेएनवी की ओर से मेटर दिया जाएगा। जिसके आधार पर डाइट की ओर से पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों की तैयारी करवाई जाएगी। चयनित होने पर विद्यार्थियों की शिक्षा समेत अन्य खर्चा पीएम श्री जवाहर नवोदय स्कूल की ओर से उठाया जाता है। जिला सोलन के सभी शिक्षा खंड में करीब 7003 विद्यार्थी पांचवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं। यह सभी विद्यार्थी नवोदय परीक्षा में भाग ले सकते हैं। जिसके लिए डाइट ऑनलाइन माध्यम से बच्चों की तैयारी करवाएगा। आयोजित बैठक के दौरान जिला के सभी नौ शिक्षा खंड से खंड शिक्षा अधिकारी, जेएनवी स्कूल कुनिहार के प्रधानाचार्य कमलेश यादव विशेष रूप से मौजूद रहे।