निशुल्क डिजिटल शिक्षा और सटीक मार्गदर्शन का मिला लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन का जवाहर ऑनलाइन कोचिंग प्रोग्राम एक बेहद सफल मील का पत्थर साबित हुआ है। इस अनूठे कार्यक्रम के माध्यम से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के होनहार विद्यार्थियों को निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उच्च स्तरीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस बेहतरीन डिजिटल पहल के सकारात्मक परिणाम स्वरूप क्षेत्र के अनेक होनहार विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा को उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत डाइट सोलन की ओर से सितंबर में की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के उन बच्चों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ना था, जो महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। इस सफल अभियान का नेतृत्व और संचालन कार्यक्रम समन्वयक पूर्व प्रधानाचार्य डाइट सोलन डॉ. शिव कुमार शर्मा और संदीप चंदेल की कुशलतापूर्वक किया गया। इसमें सोनाक्षी देव, लावणया, निहारिका, दिवांशु, जसकरण सिंह, ईशानी ठाकुर, सक्षम शर्मा, अंकिता देवी, पुष्कर गर्ग, अवनि शर्मा, रुहानी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। कार्यक्रम समन्वयकों ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके गौरवान्वित अभिभावकों और गुरुजनों को हार्दिक बधाई दी है। इसका मुहिम का शुभारंभ वर्ष 2025 में अतिरिक्त शिक्षा निदेशक बीआर शर्मा ने किया था।