विभाग दे रहा सेवानिवृत्ती की गलत तारीख होने का तर्क
कर्मचारी कई बार विभाग को लिखित में दे चुका सभी दस्तावेज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। विकास खंड कार्यालय धर्मपुर के तहत सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी को न्यू पेंशन स्कीम का पैसा लेने के लिए भटकना पड़ रहा है। सेवानिवृत्त कर्मचारी को बार-बार कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वहीं विभाग की ओर से पेंशन स्कीम के दस्तावेज में सेवानिवृत्त होने की गलत तिथि होने का तर्क दिया जा रहा है। ऐसे में कर्मचारी सेवानिवृत्त होने के बाद भी न्यू पेंशन स्कीम का लाभ नहीं ले पा रहा है। कर्मचारी की ओर से विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित दस्तावेज भी दिए जा चुके हैं। लेकिन अभी तक कोई भी पैसा संबंधित व्यक्ति के खाता में नहीं आया है।
सेवानिवृत्त कर्मचारी मुकेश वालिया ने बताया कि वह 30 जून को दाड़वा पंचायत में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने न्यू पेंशन स्कीम से पैसे लेने के लिए आवेदन किया। लेकिन कुछ दिनों बाद आवेदन रद्द हो गया और जवाब आया कि स्कीम के दस्तावेजों में 26 जून 2025 सेवानिवृत्त होने की तिथि है। इस कारण वह अभी स्कीम का लाभ नहीं ले सकते। इसके बाद उन्होंने विकास खंड कार्यालय में अपनी बात को रखा। जहां से भी इसे दस्तावेज को सही करने का आग्रह किया। लेकिन अभी तक दस्तावेज सही नहीं हो पाए हैं और न्यू पेंशन स्कीम से मिलने वाले लाभ को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारी वंचित है। उन्होंने भी आग्रह किया है कि जल्द दस्तावेज का सही किया जाए ताकि योजना से मिलने वाला पैसा लिया जा सके।