आपात सुविधाएं भी बंद, एक्सरे और लैब की सुविधा भी नहीं
पूर्व सरकार ने बढ़ाया था दर्जा, क्षेत्र के लोग हो रहे परेशान
एचआर धीमान
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ उपमंडल के लोहारघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में न तो कोई आपातकालीन सुविधा है और न ही मरीजों को दाखिल किया जा रहा। अस्पताल में टेस्ट करवाने के लिए लैब और एक्सरे भी नहीं है। लोगों को एक्सरे या अन्य जांच लिए बिलासपुर या नालागढ़ जाना पड़ता है।
लोहारघाट से बिलासपुर 30 किमी और नालागढ़ 50 किमी दूर है। पहले यहां पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र था लेकिन पिछली सरकार ने इसका दर्जा बढ़ाकर इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर दिया। इसका दर्जा तो बढ़ा दिया लेकिन सुविधाओं के नाम पर यहां पर कुछ भी दिया। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर सरकार ने केवल घोषणा की है। सुविधा प्रदान करने के मामले में उन्हें केवल आश्वासन दिए जाते हैं।
वर्तमान में सरकार ने इस स्वास्थ्य केंद्र को डी नोटिफाई भी नहीं किया है। इसके दर्जा बढ़ाने की घोषणा चुनाव से काफी पहले हो चुकी थी। सीएचसी में चिकित्सकों के छह पद स्वीकृत हैं लेकिन यहां पर केवल दो डॉक्टर ही तैनात हैं। नर्सों के दस पद स्वीकृत हैं लेकिन एक भी नर्स नहीं है।
क्यार कनैता पंचायत के प्रधान रघुराज पराशर ने कहा है कि पिछली जपा सरकार ने यहां स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की बात कही थी लेकिन केवल बोर्ड बदला है, इसके कुछ भी नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक व सीपीएस संजय अवस्थी से मांग की है कि वह इस विषय में स्वास्थ्य मंत्री से बात करके यहां पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।
उधर, बीएमओ नालागढ़ डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बताया कि रिक्त पदों को लेकर उन्होंने उच्च अधिकारियों को लिखा है। यहां पर एक्सरे व प्रयोगशाला खोलने के लिए भी उच्च अधिकारियों को लिखित रूप में प्रस्ताव भेजा गया है।