मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर मांगी सुख और खुशहाली
जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिलेभर के मंदिरों में रामनवमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नवरात्र के नौ दिन व्रत रखने वाले लोगों ने कंजक पूजन के साथ व्रत खोले। शहर के मां शूलिनी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। मंदिर के मुख्य द्वार तक दर्शन के लिए कतारें लगी रहीं। मां के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में युवाओं की भी खूब चहल-पहल रही। दर्शन के लिए लगी कतारों में बड़ी संख्या में युवा नजर आए।
मां शूलिनी मंदिर के बाहर कंजक पूजन के लिए कन्याएं बैठी रहीं। लोग घरों से हलवा, पुरी और अन्य व्यंजन बनाकर लाए थे। कन्याओं को भोजन करवाने के बाद दक्षिणा और खिलौने भेंट किए गए। मंदिर के कपाट रोजाना की तरह सुबह पांच बजे खुल गए थे। इसके बाद से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
भजन-कीर्तन पर झूमीं महिलाएं
मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं और युवतियों ने भजन-कीर्तन के दौरान नृत्य कर मां की आराधना की। युवतियां पैरा विच घुंघरू पाके नाचणा... और चढ़ आई मां तेरियां पहाड़ियां जैसे भजनों पर झूमती नजर आईं। महिलाओं ने वाद्य यंत्रों की धुन पर भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। शहर के माल रोड और गंज बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिरों में भी सुबह से श्रद्धालु पहुंचते रहे। गंज बाजार स्थित मंदिर में लोगों ने मां के दर्शन किए और घरों में तैयार हलवा-पूरी का प्रसाद चढ़ाया।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मी तैनात
नवरात्र के अंतिम दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए। मंदिर परिसर में तीन अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई, जिनमें एक महिला और दो पुरुष कर्मी शामिल रहे। सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन करवाए। इसके अलावा मंदिर परिसर में लगे कैमरों से भी निगरानी रखी गई, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।