सोलन। ग्राम पंचायत चामत भड़ेच में पारंपरिक देव दयारश व देव बिजेश्वर मेला 20 और 21 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिवसीय मेले में देव पूजा-अर्चना के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कबड्डी प्रतियोगिता मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी।
मेला कमेटी के अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह नौ बजे देव पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद ध्वजारोहण और मुख्य अतिथि का स्वागत किया जाएगा। पहले दिन स्कूली बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं, जूनियर कबड्डी और मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। शाम को सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें समाजसेवी तरसेम भारती मुख्य अतिथि होंगे।
कबड्डी प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। जूनियर कबड्डी के विजेता को 5,100 रुपये और उपविजेता को 4,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, सीनियर कबड्डी के विजेता को 21 हजार रुपये और उपविजेता को 15 हजार रुपये मिलेंगे। इसके अलावा ट्रॉफी और अन्य आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 नवंबर को विशिष्ट अतिथि कैप्टन कैलाश चंद ठाकुर करेंगे।