दून के ठेडपुरा गांव में पहाड़ी पर लगा हुआ बिजली का खंभा। संवाद
11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के पोल का गिरने खतरा
सरकार व विभाग ने नहीं की कार्रवाई, ग्रामीणों ने खुद शुरू कराया कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। दून की कैंडोल पंचायत के ठेडपुरा गांव में बिजली के खंभे के साथ भूमि कटाव होने से खंभे के गिरने का खतरा हो गया है। जब संबंधित विभाग व सरकार ने कुछ नहीं किया तो ग्रामीण अब इसे ठीक करने में लग गए हैं। लगातार भूमि कटाव होने से लोग डर के साये में रातें बिताने को मजबूर हैं। दरअसल रामपुर झाकड़ी से पंजाब को जाने वाली 11 हजार की हाईटेंशन लाइन इन गावों के ऊपर से होकर जा रही है। गांव की पहाड़ी पर इस लाइन के पोल लगे हुए हैं। दो वर्ष पूर्व ठेडपुरा गांव की पहाड़ी पर स्थित पोल के एक तरफ पूरी पहाड़ी बरसात के कारण दरक गई थी। पिछली बरसात में हुए भारी भूस्खलन के कारण पहाड़ी का मलबा पूरी तरह से ढह गया और पोल के दो ओर से नींव भी खोखली हो गई है। इस कारण आधा पोल हवा में लटक गया और गांववासियों को खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय निवासी जगमोहन दत्त शास्त्री ने बताया कि बिजली विभाग को बार-बार कहने के बाद कई बार स्थिति का जायजा लेने अनेक अधिकारी आए समाधान कोई नहीं हुआ। हद तो तब हो गई जब दून के विधायक सीपीएस रामकुमार को मौका दिखाया और उन्होंने जल्द समस्या का समाधान होने का आश्वासन भी दिया। परंतु तीसरी बरसात कुछ ही दिनों में होने वाली है और न ही किसी अधिकारी ने और न ही किसी नेता ने गांव की सुरक्षा को देखते हुए कोई ठोस कदम उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी अधिकारियों और नेताओं से बार-बार आग्रह करने के बावजूद नतीजा शून्य है। थक हारकर आज स्वयं के खर्च से पोल के लिए सुरक्षा दीवार बनाने का कार्य शुरू किया है जिसका खर्च लाखों में है।