लघु उद्योग भारती के प्रांत कार्यालय में ईएसआई की योजनायों की जानकारी देते अधिकारी। संवाद
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। कोरोना से जान गंवाने वाले कंपनी कर्मचारियों के परिवार को पेंशन दी जाएगी। इस पेंशन में उन लोगों को शामिल किया गया है जो नियमित रूप कंपनी में कार्यरत थे और जिनका ईएसआई कार्ड हो। यह बात प्रदेश के ईएसआई के क्षेत्रीय निदेशक संजीव कुमार ने लघु उद्योग भारती की बैठक के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि कोविड से सभी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। कोविड के समय जिनके घर से एक व्यक्ति ही कमाने वाला हो, उनको दिक्कतों से बचाने के लिए इस स्कीम को लागू किया गया है। पेंशन लेने के लिए परिवार वालों को एक फॉर्म भरना होगा।
कोविड से मरने वाले व्यक्ति की कोविड रिपोर्ट, आधार कार्ड और कंपनी की तरफ से आईपी कोड होना चाहिए। कोविड से मरने वाला व्यक्ति पॉजिटिव होने के बीच में या निगेटिव होने के 30 दिन के बाद भी अगर उसकी मौत हुई तो उसे कोविड के अंडर ही माना जाएगा। वह व्यक्ति भी इस योजना का लाभ उठा पाएगा।
इस योजना का लाभ कंपनी में काम करने वाले बाहर से आए प्रवासियों को मिलेगा। चाहे उनका परिवार बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा या पंजाब में रहता हो। सभी को योजना का लाभ मिल पाएगा। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कांसल, मुख्य सलाहकार एनपी कौशिक, बद्दी इकाई के अध्यक्ष आरके शर्मा, ईएसआईसी रीजनल डायरेक्टर संजीव कुमार, डिप्टी डायरेक्टर डीबी गुरंग, चंद्रशेखर, हेमराज, डॉ. मुकेश मल्होत्रा, फार्मा विंग चेयरमैन चिरंजीव ठाकुर, चेयरमैन सुमित सिंगला, कश्मीर सिंह ठाकुर, वेद मिश्रा और अखिलेश यादव शामिल रहे।