प्रदेश विद्युत पेंशनर कल्याण संघ सोलन ने मनाया पेंशनर दिवस
फिक्सेशन को नये फेक्टर के साथ ठीक करने का भी किया आग्रह
पेंशनरों ने मांगों पर किया मंथन, जल्द मांगों को पूरा करने के लिए कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश विद्युत पेंशनर कल्याण संघ सोलन ने अखिल भारतीय पेंशनर दिवस मनाया। कार्यक्रम में केंद्रीय कार्यकारिणी के पूर्व अध्यक्ष ई. बीके सूद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं, जिलाध्यक्ष ई. दिनेश गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में सदस्यों ने समस्याओं पर मंथन किया। वहीं कई मांगें सरकार से पूर्ण करने का आग्रह किया। सदस्यों ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2016 से 2021 के मध्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों की रिवाइज्ड ग्रेच्यूटी, काॅम्यूटेशन, लीव इन-कैशमेंट का भुगतान नहीं किया है। एरियर विवरण की अमुक राशि का भुगतान दिया जाए, जिससे पेंशनर सेक्शन 89ए के तहत अपनी आयकर रिटर्न रिवाइज कर सके। मेडिकल बिलों से जो राशि काटी जाती है उसके बारे में प्रबंधन कुछ भी नहीं बताता है। पूर्व में संशोधित वेतनमानों के एरियर की जो किस्तें दी गईं उनमें भी विवरण नहीं दर्शाया गया।
01-01- 2016 से पूर्व सेवानिवृत्तों की नेशनल फिक्सेशन में रह गई त्रुटियों को 30 सितंबर को विद्युत प्रबंधन के साथ बैठक में उठाया गया था। इस फिक्सेशनों को हिमाचल सरकार की 25 फरवरी 2022 की नोटिफिकेशन के रिवाइज पैरा-3 के अनुरूप 2.59 से 2.72 का फेक्टर लगे पेमैंट्रिक्स से ठीक किया जाए। प्रदेश सरकार ने पेंशनरों को पूर्व में दी गई महंगाई भत्ते की तीन किस्तों जिसमें 01-07-2022 , 01-01-2023 व 01-07-23 को चार फीसदी की बजाय तीन फीसदी ही दिया गया। अब सरकार से आग्रह है कि 21-21-21 माह का एरियर व एक प्रतिशत कम दी किस्त और बाकी देय की 12 फीसदी महंगाई राहत को शीघ्र देने की घोषणा करे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ई. दिनेश गुप्ता, ई. एसडी रत्न, ई. अरुण गोयल, ई. आरसी शर्मा, ई. एसके सेन, ई. केडी गुप्ता, ई. भगवान सहाय, ई. जेसी शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट
जिला पेंशनर एसोसिएशन ने मनाया पेंशनर दिवस
सोलन। जिला पेंशनर एसोसिएशन की ओर से हिमानी होटल सोलन में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। इसमें एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार एचएन कश्यप समेत कई पेंशनर शामिल हुए। सभी ने प्रदेश सरकार से बकाया मेडिकल बिल, लंबित एरियर आदि की मांगें उठाईं। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने सभी का स्वागत किया और पेंशनर दिवस की बधाई दी। इस दौरान सभी ने मांगों पर चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ पेंशनरों का खासकर स्वागत किया गया और सरकार से लंबित बिलों व मांगों को पूरा करने का आग्रह किया गया।