कल विधानसभा घेराव की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। हिमाचल प्रदेश कॉरपोरेट सेक्टर रिटायरीज कोऑर्डिनेशन कमेटी और जिला पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन संयुक्त संघर्ष समिति के पेंशनरों ने मांगों को लेकर मंगलवार को भी उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के अंतिम दिन पेंशनरों ने सरकार के प्रति रोष प्रकट किया। पेंशनर मांगों को लेकर पांच दिवसीय धरने पर बैठे। पेंशनरों का कहना है कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जा रहा है। पेंशनरों ने 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा घेराव करने की चेतावनी दी है।
कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष देवी लाल ठाकुर ने कहा कि इस विरोध-प्रदर्शन में विभिन्न विभागों, निगमों और बोर्डों के लगभग 60 से 70 पेंशनभोगी सम्मिलित हुए। पेंशनरों की मांग है कि वेतन संशोधन के कारण देय वित्तीय लाभों का समय पर भुगतान किया जाए। लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। महंगाई भत्ते की किस्तों और पिछले लगभग 35 माह से लंबित एरियर का जल्द भुगतान किया जाए। वर्ष 2004 के बाद सेवानिवृत्त हुए कॉरपोरेट सेक्टर के कर्मचारियों को वर्ष 1999 की अधिसूचना बहाल कर पेंशन का लाभ प्रदान किया जाए। कहा कि इन मुद्दों को लेकर 18 सूत्री मांगपत्र सरकार को पहले ही सौंपा जा चुका है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं संयुक्त संघर्ष समिति के महासचिव विद्यासागर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनरों के मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। न ही पेंशनरों को बातचीत के लिए बुला रही है। इस दौरान विद्या सागर कमल, अमन लाल शर्मा, गोपाल सिंह ठाकुर, अशोक टंडन, ओम प्रकाश शर्मा, ललित शर्मा, हरीश कुमार मौजूद रहे।