नालागढ़ में एसआर रघुवंशी की अध्यक्षता में हुई बैठक, हर साल समीक्षा की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स नालागढ़ की बैठक बुधवार को एसआर रघुवंशी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बैंक पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने बैंक प्रबंधन के रवैये पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि चार साल पहले पेंशनरों के लिए अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई थी, जिसके नियमों के तहत हर साल इसकी समीक्षा की जानी थी। हालांकि, इसके बाद से आज तक इसकी कोई समीक्षा नहीं की गई और पुरानी दर पर ही भुगतान किया जा रहा है। पेंशनर्स ने प्रस्ताव पास कर मांग उठाई कि बैंक जल्द इस अनुग्रह राशि की हर वर्ष समीक्षा करे और इसमें उचित वृद्धि करे।
एसआर रघुवंशी ने जानकारी दी कि पेंशन अपडेशन से जुड़े बैंक के बहुचर्चित और महत्वपूर्ण मामले एमसी सिंगला बनाम पीएनबी की सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई पूरी हो चुकी है। अदालत ने इस मामले में अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है, जो आगामी दो-तीन महीनों में आने की संभावना है। इस अहम फैसले पर क्षेत्र के सभी पेंशनर्स की निगाहें टिकी हैं। इस अवसर पर हरिराम धीमान, कमलेश कुमार गुप्ता, तरसेम सिंह और गुरनाम सिंह सहित अन्य पेंशनर्स उपस्थित रहे।