रामशहर (सोलन)। देशभर में गो माता को विशेष सम्मान दिलाने की मुहिम के तहत स्वारघाट में गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना है। कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस मुहिम को क्षेत्र में व्यापक समर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत करीब 8 हजार लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित किए गए हैं। ज्ञापन की चार प्रतियां तैयार कर प्रशासन के माध्यम से उच्चाधिकारियों को भेजी जाएंगी। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं, विशेषकर बजरंग दल के गो रक्षकों ने इस पहल को ऐतिहासिक बताया और कहा कि वे इस मांग को लेकर आगे भी प्रयास जारी रखेंगे।
सोलन के मालरोड पर गो रक्षा के लिए निकाली रैली
सोलन। सोलन में भी सोमवार को भारी उत्साह देखा गया। विश्व हिंदू महासंघ, गो रक्षा समिति और अन्य गो प्रेमी संगठनों ने मालरोड पर एक विशाल रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि गाय को अविलंब राष्ट्रीय पशु या राष्ट्र माता घोषित किया जाए। गो रक्षा के लिए देश में सख्त कानून बनाया जाए। रैली के समापन पर उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर जनभावनाओं से अवगत कराया गया।