रतवाड़ी स्कूल में शिक्षकों के पद रिक्त
- फोटो : demo pic
उपमंडल के पहाड़ी पंचायत रतवाड़ी के 300 विद्यार्थियों वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में रिक्त पदों को न भरने पर महिला मंडल ने रोष जताया है। उन्होंने कहा एक तरफ सरकार शिक्षा को बढ़ावा दे रही है तो दूसरी तरफ स्कूलों में अध्यापकों की कमी विद्यार्थियों के भविष्य पर सवालिया निशान है। लंबे समय से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रतवाड़ी में शिक्षकों सहित अन्य स्टाफ के करीब नौ पद खाली हैं।
महिला मंडल प्रधान रतवाड़ी एवं एसएमसी प्रधान संतोष कुमारी और सचिव सुनीता, उपमंडल अधिकारी हरिकेष मीणा से मिले और उन्हें स्कूल में अध्यापकों की कमी बारे जानकारी दी। अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि पिछले कई माह से रतवाड़ी स्कूल में अंग्रेजी प्रवक्ता, भाषा अध्यापक, शास्त्री, क्लर्क, कला अध्यापक, टीजीटी मेडिकल, टीजीटी आर्ट्स, लैब अटैंडेंट और चौकीदार के पद खाली हैं।
अध्यापकों की कमी को लेकर कई बार संबंधित विभाग को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई। स्कूल में करीब तीन सौ बच्चे दूर दराज पहाड़ी क्षेत्र से पढ़ने आते हैं तथा इस क्षेत्र के आसपास कोई ओर स्कूल नहीं है। अगर स्कूल में अध्यापकों की रिक्त पद को भरा नहीं गया तो बच्चों की पढ़ाई पर बहुत गहरा असर पड़ेेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि स्कूल में अध्यापकों की कमी को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। एसडीएम नालागढ़ हरिकेश मीणा ने बताया कि उनके पास रतवाड़ी स्कूल में अध्यापकों की कमी को लेकर एक मांगपत्र आया है।